• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
ताज़ा समाचार और भी
पाटन के सरकारी स्कूल की प्रधान पाठिका पर गंभीर आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की जांच और कार्रवाई की मांग
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 22 जुलाई 2026,  08:23 PM IST
  • 409
पाटन के सरकारी स्कूल की प्रधान पाठिका पर गंभीर आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की जांच और कार्रवाई की मांग

दुर्ग | ज्वाला एक्सप्रेस न्यूज़

दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, पतोरा की प्रधान पाठिका के खिलाफ ग्रामीणों, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर को शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों द्वारा दिए गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय की प्रधान पाठिका का व्यवहार विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के प्रति अनुचित और अपमानजनक है, जिससे विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि विद्यार्थियों के साथ मारपीट, अभद्र भाषा का प्रयोग तथा जातिसूचक एवं अपमानजनक टिप्पणियां किए जाने जैसी घटनाएं सामने आई हैं, जिससे छात्र-छात्राओं के आत्मसम्मान और शिक्षा के अधिकार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि विद्यालय में शिक्षण कार्य नियमित रूप से प्रभावित हो रहा है। आरोप है कि शिक्षकों को कक्षा से बीच में बुला लिया जाता है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित होती है। साथ ही प्रधान पाठिका द्वारा विद्यालय में नियमित उपस्थिति नहीं देने और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में भी अनियमितता बरतने के आरोप लगाए गए हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से क्षेत्र में असंतोष व्याप्त है। शिकायत पत्र में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायत पत्र पर ग्रामीणों एवं अभिभावकों के हस्ताक्षर भी संलग्न किए गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण बेहतर बनाया जाए।

फिलहाल इस मामले में संबंधित प्रधान पाठिका या शिक्षा विभाग का पक्ष सामने नहीं आया है। पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।


Add Comment


Add Comment






ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter