• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
ताज़ा समाचार और भी
दुर्ग नगर निगम में आयुक्त का पद खाली, विकास कार्यों पर पड़ रहा असर - अलका बाघमार
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 29 जुलाई 2026,  01:54 PM IST
  • 204
महापौर अलका बाघमार ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव से की शीघ्र पूर्णकालिक आयुक्त की नियुक्ति की मांग

दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग में पिछले लगभग एक माह से आयुक्त का पद रिक्त होने का मामला अब गंभीर रूप से सामने आया है। निगम के प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यों के प्रभावित होने तथा विकास कार्यों की रफ्तार धीमी पड़ने को लेकर महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर शीघ्र पूर्णकालिक आयुक्त की नियुक्ति किए जाने की मांग की है।

महापौर ने इस संबंध में उपमुख्यमंत्री अरुण साव को पत्र सौंपते हुए कहा कि नगर निगम दुर्ग जैसे बड़े शहरी निकाय में आयुक्त का पद लंबे समय तक रिक्त रहना प्रशासनिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। नियमित आयुक्त के अभाव में निगम के महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय, वित्तीय प्रबंधन एवं विकास कार्यों की गति प्रभावित हो रही है।

महापौर अलका बाघमार ने कहा कि शहर के विकास से जुड़े अनेक कार्यों को समयबद्ध गति देने के लिए निगम में पूर्णकालिक आयुक्त की नियुक्ति आवश्यक है। आयुक्त के नियमित रूप से पदस्थ नहीं होने के कारण निगम की कार्यप्रणाली पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, वहीं जनहित से जुड़े कार्यों एवं नागरिक सुविधाओं को भी अपेक्षित गति नहीं मिल पा रही है।

महापौर ने दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह को भी पत्र प्रेषित कर नगर निगम दुर्ग में शीघ्र पूर्णकालिक आयुक्त की नियुक्ति कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन को सुचारु बनाने, विकास कार्यों में तेजी लाने तथा नागरिकों को बेहतर और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए इस विषय पर तत्काल निर्णय लिया जाना जरूरी है।

महापौर ने विश्वास व्यक्त किया है कि राज्य शासन दुर्ग शहर के समग्र विकास एवं जनहित को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम में पूर्णकालिक आयुक्त की नियुक्ति के संबंध में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा।


Add Comment


Add Comment






ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter