• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
ताज़ा समाचार और भी
10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का शुभारंभ
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 2 अगस्त 2026,  07:22 PM IST
  • 191
ब्रह्माकुमारीज आनंद सरोवर बघेरा में नशामुक्त भारत के निर्माण का लिया संकल्प

दुर्ग। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, आनंद सरोवर बघेरा में दादी प्रकाशमणि जी की पावन स्मृति में “10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान” के अंतर्गत नशामुक्त भारत अभियान का शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। यह महाअभियान 6 से 20 अगस्त 2026 तक संचालित किया जाएगा।Image after paragraph

Image after paragraph

 

Image after paragraph

Image after paragraph

कार्यक्रम में संभाग आयुक्त श्री सत्य नारायण राठौर, एसपी एसटीएफ श्री जयंत वैष्णव, एडिशनल एसपी श्री कौशलेन्द्र देव पटेल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री शिवेंद्र प्रताप सिंह, ब्रह्माकुमारीज दुर्ग की संचालिका बीके रीटा दीदी एवं बीके रूपाली दीदी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिथियों का शाल एवं श्रीफल से सम्मान किया गया। कुमारियों ने नशामुक्ति के संदेश पर आधारित स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भावपूर्ण बनाया।

मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने कहा कि नशामुक्त भारत के निर्माण में परिवार की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। माता-पिता को बच्चों के साथ नियमित संवाद करना चाहिए तथा उन्हें मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से भी बचाना चाहिए। उन्होंने परिवार की मजबूत नींव तैयार करने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से दूर रखने का आह्वान किया।

बीके रूपाली दीदी ने कहा कि नशा केवल शराब, सिगरेट और तंबाकू तक सीमित नहीं है, बल्कि मोबाइल एवं इंटरनेट का अत्यधिक उपयोग भी आज व्यसन का रूप लेता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सच्ची स्वतंत्रता अपनी आंतरिक बुराइयों और व्यसनों से मुक्त होने में है। उन्होंने राजयोग मेडिटेशन को मन को शांत, सकारात्मक और सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम बताते हुए उपस्थित लोगों को राजयोग की अनुभूति भी कराई।

संभाग आयुक्त श्री सत्य नारायण राठौर ने “बड़े भाग मानुष तन पावा” का उल्लेख करते हुए कहा कि मनुष्य जीवन अत्यंत दुर्लभ है और इसे नशे की गिरफ्त में बर्बाद करना दुर्भाग्यपूर्ण है। वहीं, एसपी एसटीएफ श्री जयंत वैष्णव ने कहा कि नशामुक्ति के लिए मन का शांत और सशक्त होना आवश्यक है तथा राजयोग मेडिटेशन इस दिशा में प्रभावी सहयोगी बन सकता है।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री शिवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि नशे का दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसका असर पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों पर भी पड़ता है। उन्होंने नशाग्रस्त व्यक्ति से घृणा करने के बजाय प्रेम, सहयोग और सकारात्मक मार्गदर्शन के माध्यम से उसे नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित करने का आह्वान किया।

नशामुक्त जीवन का प्रेरक अनुभव साझा करते हुए श्री राजूलाल देवांगन ने बताया कि वे लंबे समय तक विभिन्न प्रकार के नशों के आदी रहे, लेकिन ब्रह्माकुमारीज के आध्यात्मिक ज्ञान, राजयोग मेडिटेशन और दृढ़ संकल्प के माध्यम से उन्होंने नशे को पूरी तरह त्याग दिया।

कार्यक्रम की संचालिका बीके रीटा दीदी ने कहा कि परमात्मा की याद और राजयोग का नशा ही श्रेष्ठ नशा है, जो मनुष्य को शांति, शक्ति और आनंद प्रदान करता है। उन्होंने मोबाइल के अत्यधिक उपयोग को डिजिटल व्यसन बताते हुए इसके सीमित एवं विवेकपूर्ण उपयोग का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने स्वयं नशामुक्त रहने तथा कम से कम एक व्यक्ति को नशे से मुक्त होने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। सभी ने नशामुक्त, स्वस्थ एवं संस्कारवान भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।


Add Comment


Add Comment






ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter