नई दिल्ली। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली का 57वां दीक्षांत समारोह शनिवार को आयोजित किया गया। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रधानमंत्री ने जेन जी से लेकर 74 वर्षीय शोधार्थी सहित 3036 छात्रों को डिग्री प्रदान की ।
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर मेधावी छात्रों को राष्ट्रपति स्वर्ण पदक, निदेशक स्वर्ण पदक और अन्य प्रतिष्ठित पदक भी दिए। उन्होंने आईआईटी दिल्ली के सोनीपत परिसर में स्थापित एआई संचालित उच्च-प्रदर्शन सुपरकंप्यूटिंग सुविधा परम प्रज्ञा का उद्घाटन भी किया।
3036 छात्रों को मिली डिग्री
IIT दिल्ली के निदेशक रंगन बनर्जी के मुताबिक इस वर्ष कुल 3036 छात्रों को डिग्री प्रदान की गई है। इनमें 587 PhD, 567 MTech और 1049 BTech छात्र शामिल हैं। संस्थान की ओर से शिक्षा के साथ रिसर्च और इनोवेशन पर भी लगातार जोर दिया जा रहा है।
वित्त वर्ष 2025-26 में IIT दिल्ली ने करीब 600 करोड़ रुपये की प्रायोजित रिसर्च परियोजनाओं पर काम किया। पिछले एक साल में संस्थान की ओर से 196 नए पेटेंट दाखिल किए गए और 26 नए स्टार्टअप भी शुरू हुए हैं।
देश-विदेश में बढ़ा IIT दिल्ली का सहयोग
IIT दिल्ली ने देश के 18 राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों के साथ शैक्षणिक और शोध सहयोग को लेकर समझौता ज्ञापन किए हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी संस्थान का नेटवर्क बढ़ा है। IIT दिल्ली के 30 देशों के संस्थानों के साथ 88 सक्रिय समझौते हैं।
संस्थान के सोनीपत और अबू धाबी परिसरों में भी विस्तार किया जा रहा है। वहीं, झज्जर में संस्थान के लिए मिली जमीन को मिट्टी की गुणवत्ता से जुड़ी समस्या के कारण वापस किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।
छात्रों के लिए शुरू की गईं नई पहल
IIT दिल्ली ने छात्रों की सुविधा और कल्याण को ध्यान में रखते हुए कई नई पहल शुरू की हैं। प्लेसमेंट में चयनित पूर्व छात्रों को अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए मेंटर बनाया गया है। इसके अलावा ‘कॉल फॉर अ फ्रेंड’ कार्यक्रम के जरिए छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
संस्थान के उप निदेशक अरविंद नेमा के अनुसार, पिछले साल अक्टूबर से IIT दिल्ली के सभी प्रशासनिक कार्य पेपरलेस कर दिए गए हैं। इससे संस्थान की प्रशासनिक प्रक्रिया को डिजिटल बनाने में मदद मिली है।
आरकेपुरम में बनेगा आवास
IIT दिल्ली की ओर से आरकेपुरम में फैकल्टी सदस्यों और छात्रों के लिए आवास की व्यवस्था भी की जाएगी। इससे संस्थान से जुड़े लोगों को रहने की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
दीक्षांत समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई है। कार्यक्रम स्थल पर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। समारोह के दौरान सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
ज्वाला प्रसाद अग्रवाल, कार्यालय शाप न. 2 संतोषी मंदिर परिसर,गया नगर दुर्ग , छत्तीसगढ़, पिनकोड - 491001
+91 99935 90905
amulybharat.in@gmail.com
बैंक का नाम : IDBI BANK
खाता नं. : 525104000006026
IFS CODE: IBKL0000525
Address : Dani building, Polsaipara, station road, Durg, C.G. - 49001
Copyright © Amuly Bharat News ©2023-24. All rights reserved | Designed by Global Infotech
Add Comment