दुर्ग। बोरसी रोड स्थित आदर्श नगर में मंगलवार की रात राधा कृष्ण ज्वेलर्स के संचालक रंजन पालित पर एक नकाबपोश युवक ने दुकान में घुसकर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में रंजन पालित के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार विद्युत नगर निवासी रंजन पालित की आदर्श नगर, बोरसी रोड पर राधा कृष्ण ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। मंगलवार रात करीब 8:30 बजे वह दुकान के काउंटर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान एक नकाबपोश युवक दुकान में पहुंचा और कुछ सामान गिरवी रखने की बात करने लगा। बातचीत के दौरान आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर रंजन पालित पर हमला कर दिया। इससे पहले कि दुकान संचालक संभल पाते, आरोपी ने उनके चेहरे पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वे लहूलुहान हो गए।
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वह पैदल ही दुकान तक पहुंचा था और वारदात को अंजाम देने के बाद पैदल ही फरार हो गया। घायल रंजन पालित द्वारा शोर मचाने पर आसपास के व्यापारी और लोग मौके पर पहुंचे तथा घटना की सूचना पदमनाभपुर थाना पुलिस को दी। इसके बाद घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से एक धारदार चाकू भी बरामद किया है। आशंका है कि छीना-झपटी के दौरान आरोपी के हाथ से चाकू दुकान में गिर गया होगा और वह उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस द्वारा बरामद चाकू सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
बताया गया है कि वारदात के दौरान आरोपी दुकान से कोई भी जेवर या अन्य सामान लेकर नहीं गया। ऐसे में प्रथमदृष्टया घटना को लूट के प्रयास से अलग माना जा रहा है। पुलिस हमले के पीछे पुरानी रंजिश सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि हमले का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
फिलहाल पदमनाभपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नकाबपोश आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। ज्वेलरी दुकान में हुई चाकूबाजी की इस घटना के बाद बोरसी रोड क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
ज्वाला प्रसाद अग्रवाल, कार्यालय शाप न. 2 संतोषी मंदिर परिसर,गया नगर दुर्ग , छत्तीसगढ़, पिनकोड - 491001
+91 99935 90905
amulybharat.in@gmail.com
बैंक का नाम : IDBI BANK
खाता नं. : 525104000006026
IFS CODE: IBKL0000525
Address : Dani building, Polsaipara, station road, Durg, C.G. - 49001
Copyright © Amuly Bharat News ©2023-24. All rights reserved | Designed by Global Infotech
Add Comment