नीदरलैंड के बाद तुर्किये में भी शानदार प्रदर्शन, चोट से उबरकर अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन में की दमदार वापसी

दुर्ग। दुर्ग पुलिस में डीएसपी के पद पर पदस्थ अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी आकर्षि कश्यप ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए दो सप्ताह के भीतर लगातार दो अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में रजत पदक हासिल किया है। उन्होंने पहले नीदरलैंड में आयोजित प्रतियोगिता में रजत पदक जीता और इसके बाद तुर्किये इंटरनेशनल बैडमिंटन चैलेंज में भी दूसरा स्थान हासिल कर देश और दुर्ग पुलिस का गौरव बढ़ाया।
नीदरलैंड में आयोजित प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में आकर्षि कश्यप ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए डेनमार्क की शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी अमाली शुल्ज को सीधे सेटों में 21-15, 21-13 से पराजित किया। इस जीत के साथ उन्होंने फाइनल में जगह बनाई और प्रतियोगिता में रजत पदक अपने नाम किया।
चोट से उबरने के बाद आकर्षि की यह वापसी उनके खेल करियर के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। चोट के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वापसी करते हुए लगातार दो प्रतियोगिताओं में पदक जीतना उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
नीदरलैंड में शानदार प्रदर्शन के बाद आकर्षि कश्यप ने तुर्किये इंटरनेशनल बैडमिंटन चैलेंज में भी अपनी लय बरकरार रखी। इस प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने तीन दिनों में पांच मुकाबले खेले। लगातार मैचों के कारण आई शारीरिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने दमदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि ने अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन में उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और दृढ़ संकल्प को एक बार फिर साबित किया है।
-अब जर्मनी में HYLO Open पर नजर
आकर्षि कश्यप की अगली चुनौती जर्मनी में आयोजित होने वाली HYLO Open बैडमिंटन प्रतियोगिता है, जो 27 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए वे 23 अक्टूबर को रवाना होंगी। लगातार दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने के बाद अब उनकी नजर आगामी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने पर है।
-दुर्ग पुलिस ने दी बधाई
दुर्ग पुलिस परिवार ने डीएसपी आकर्षि कश्यप को नीदरलैंड और तुर्किये में लगातार दो अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में रजत पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। पुलिस परिवार ने उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।
चोट से उबरकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार सफलता हासिल करना आकर्षि कश्यप की खेल के प्रति प्रतिबद्धता, नियमित अभ्यास और मजबूत इच्छाशक्ति का परिचायक है। उनकी उपलब्धि से दुर्ग पुलिस के साथ ही छत्तीसगढ़ का मान भी बढ़ा है।
ज्वाला प्रसाद अग्रवाल, कार्यालय शाप न. 2 संतोषी मंदिर परिसर,गया नगर दुर्ग , छत्तीसगढ़, पिनकोड - 491001
+91 99935 90905
amulybharat.in@gmail.com
बैंक का नाम : IDBI BANK
खाता नं. : 525104000006026
IFS CODE: IBKL0000525
Address : Dani building, Polsaipara, station road, Durg, C.G. - 49001
Copyright © Amuly Bharat News ©2023-24. All rights reserved | Designed by Global Infotech
Add Comment