• +91 99935 90905
  • amulybharat.in@gmail.com
मध्य प्रदेश और भी
350 रु से शुरू हुआ सफर, आज 80 महिलाओं की बनीं ताकत: साइकिल का पंचर बनाया, अब 27 एकड़ खेतों तक पहुंचाया पानी
  • Written by - amulybharat.in
  • Last Updated: 21 नवम्बर 2026,  09:39 PM IST
  • 189
350 रु से शुरू हुआ सफर, आज 80 महिलाओं की बनीं ताकत: साइकिल का पंचर बनाया, अब 27 एकड़ खेतों तक पहुंचाया पानी

भोपाल। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले की जानकी की कहानी संघर्ष, हौसले और आत्मनिर्भरता की मिसाल है। कभी उनके पास नई जिंदगी शुरू करने के लिए सिर्फ 350 रुपए थे। परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए उन्होंने साइकिल का पंचर बनाने का काम सीखा। मनरेगा में मजदूरी की। फिर स्व-सहायता समूह से जुड़कर आटा चक्की और किराने की दुकान शुरू की। आज वह खुद सफल महिला किसान हैं। साथ ही गांव की 80 महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। 

महिलाओं के लिए बदलाव की मिसाल
कभी घर की चारदीवारी और सामाजिक बंदिशों तक सीमित रहने वाली शहडोल की जानकी आज गांव की महिलाओं के लिए बदलाव की मिसाल बन गई हैं। उनके पास एक समय सिर्फ 350 रुपए थे। आज वह महिला किसानों को खेती, सिंचाई और कारोबार से जोड़ रही हैं। उनकी कहानी बताती है कि आत्मनिर्भर बनने के लिए बड़े संसाधनों से ज्यादा मजबूत इरादों की जरूरत होती है।

janki

जानकी ने मुश्किल हालात में हार नहीं मानी। उन्होंने मेहनत को अपनी ताकत बनाया। आज उनके प्रयासों से गांव की महिलाएं बैंक से ऋण लेने, खेती के फैसले करने और अपनी उपज का उचित मूल्य पाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

16 साल की उम्र में शादी, फिर भी नहीं छोड़ी पढ़ाई
शहडोल जिले के विशनपुरवा गांव की रहने वाली जानकी की शादी महज 16 साल की उम्र में हो गई थी। उस समय वह आठवीं तक पढ़ी थीं। ससुराल में 12 सदस्यों का परिवार था। परिवार के पास थोड़ी जमीन थी। लेकिन सिंचाई की सुविधा नहीं थी। खेती पूरी तरह बारिश पर निर्भर थी।

इन परिस्थितियों के बावजूद जानकी ने पढ़ाई जारी रखी। उन्होंने ओपन स्कूल से 12वीं की परीक्षा पास की। परिवार की आर्थिक जरूरतों को देखते हुए वर्ष 2009 में उन्होंने साइकिल का पंचर बनाने का काम भी सीखा। यह उनके संघर्ष की शुरुआत थी। वह परिवार की आमदनी बढ़ाना चाहती थीं। इसके लिए उन्होंने हर तरह का काम करने का फैसला किया।

janki1

350 रुपए लेकर पति के साथ शुरू की नई जिंदगी
वर्ष 2012 में जानकी ने आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूह से जुड़ने का फैसला किया। उस समय गांव में घूंघट प्रथा और सामाजिक बंदिशें काफी थीं। महिलाओं का घर से बाहर निकलना और आर्थिक फैसले लेना आसान नहीं था।

जानकी के इस फैसले का परिवार और समाज में विरोध हुआ। हालात ऐसे बने कि उन्हें पति के साथ परिवार से अलग होना पड़ा। उस समय दोनों के पास सिर्फ 350 रुपए थे।

उन्होंने मनरेगा में मजदूरी करके नई जिंदगी शुरू की। स्व-सहायता समूह से जुड़कर छोटी-छोटी बचत की। धीरे-धीरे आर्थिक स्थिति सुधारने की कोशिश की। इसी बचत ने आगे चलकर उनके लिए कारोबार का रास्ता खोला।

आटा चक्की और किराने की दुकान से बदली जिंदगी
वर्ष 2017 जानकी के जीवन का महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ। उन्होंने स्व-सहायता समूह के माध्यम से बैंक से ऋण लिया। इस पैसे से घर में आटा चक्की लगाई। साथ ही किराने की दुकान भी शुरू की। दोनों काम से नियमित आमदनी होने लगी। परिवार की आर्थिक स्थिति सुधरी। जानकी का आत्मविश्वास भी बढ़ा।

उन्होंने अपनी सफलता को दूसरी महिलाओं तक पहुंचाने का फैसला किया। इसके लिए तीन स्व-सहायता समूहों की करीब 80 महिलाओं के बैंक खाते खुलवाने में मदद की।

इनमें कई महिलाएं ऐसी थीं, जिन्होंने पहली बार अपने नाम की बैंक पासबुक देखी। वे अब अपने पैसों का हिसाब रखने लगीं। बैंक से जुड़ने लगीं और आर्थिक फैसले खुद लेने लगीं। वर्ष 2017 से 2026 के बीच इन समूहों ने बैंकों से कुल 18 लाख रुपए का ऋण लिया। समूहों ने समय पर इसका भुगतान भी किया।

महिलाओं की पहल से 27 एकड़ खेतों तक पहुंचा पानी
जानकी का काम अब सिर्फ कारोबार तक सीमित नहीं रहा। वर्ष 2024 में वह संकुल स्तरीय संघ (सीएलएफ) के माध्यम से स्वयंसेवी संस्था 'प्रदान' से जुड़ीं। उनके साथ गांव की अन्य महिला किसान भी इस पहल में शामिल हुईं।

संस्था ने महिलाओं को आधुनिक कृषि तकनीक और प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण दिया। इसके बाद वर्ष 2025 में गांव में सोलर लिफ्ट सिंचाई प्रणाली स्थापित की गई।

इस व्यवस्था से 13 महिला किसानों के 27 एकड़ खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचने लगा। अब इन महिलाओं को सिर्फ बारिश के भरोसे खेती नहीं करनी पड़ती। सिंचाई की सुविधा मिलने से फसल उत्पादन और आमदनी बढ़ाने के नए अवसर बने हैं।

इस पहल का असर गांव के दूसरे परिवारों पर भी पड़ा:

  • 58 महिलाओं के घरों में पोषण बाड़ियां विकसित की गईं।
  • 82 परिवारों को बकरी पालन से जोड़ा गया।
  • 75 किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने में सहयोग दिया गया।

इन प्रयासों से ग्रामीण परिवारों के लिए आजीविका के नए रास्ते खुले हैं। प्राकृतिक खेती से खेती की लागत कम करने की दिशा में भी काम हुआ है।

खेत से बाजार तक पहुंचीं महिलाएं, किसान कंपनी में बनीं शेयरधारक
महिला किसानों की एक बड़ी समस्या उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिलना है। इस समस्या को दूर करने के लिए जानकी ने सामूहिक प्रयास शुरू किए। इसके तहत 37 महिलाओं का उत्पादक समूह बनाया गया। इसे 'सोन महिला किसान एफपीओ' से जोड़ा गया। इनमें से 32 महिलाएं अब किसान उत्पादक कंपनी की शेयरधारक हैं।

यह बदलाव सिर्फ खेती तक सीमित नहीं है। अब महिलाएं कंपनी की बैठकों में शामिल होती हैं। आर्थिक फैसलों में भागीदारी करती हैं। अपनी उपज और उसके मूल्य को लेकर बातचीत करती हैं।

जो महिलाएं पहले बैंक जाने में संकोच करती थीं, वे अब जिला मुख्यालय तक अपनी आवाज पहुंचा रही हैं। अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर खड़ी हो रही हैं।

अब पूरे गांव को गरीबी और नशे से मुक्त बनाने का सपना
आज जानकी एक सफल महिला किसान हैं। वह कृषि सामुदायिक संसाधन व्यक्ति (कृषि सीआरपी) के रूप में भी काम कर रही हैं। इसके अलावा वह 'सागर ग्राम संगठन' की सचिव हैं।

उनका अगला लक्ष्य पूरे गांव को गरीबी और नशे से मुक्त बनाना है। वह प्राकृतिक खेती के जरिए गांव को समृद्ध बनाना चाहती हैं। उनकी कोशिश है कि गांव की हर महिला के पास अपनी आमदनी का साधन हो।

जानकी कहती हैं, 
"कभी मेरे हाथ में सिर्फ 350 रुपये थे, लेकिन आज हम सब बहनों ने मिलकर अपने खेतों में पानी, हाथों में पूंजी और समाज में अपनी पहचान हासिल की है। अब मेरा सपना है कि गांव की हर महिला आत्मनिर्भर बने।"

जानकी की यह कहानी बताती है कि एक महिला की पहल पूरे गांव की तस्वीर बदल सकती है। जब महिलाएं एकजुट होती हैं, तो वे सिर्फ अपने परिवार की आर्थिक स्थिति नहीं सुधारतीं, बल्कि समाज में अपनी पहचान भी बनाती हैं।

यह भी हो चुका है
1. शहडोल की किसान दीदियां: ड्रोन और ई-रिक्शा से आत्मनिर्भरता की नई कहानी – महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने में प्रदान संस्था की भूमिका।
2. शहडोल की महिला किसानों की सफलता: खेती में नई तकनीक और रोजगार, ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने के प्रयास।
3. शहडोल में 32 महिलाओं को जैविक सब्जी उत्पादन और नर्सरी का प्रशिक्षण, महिला किसानों के प्रशिक्षण।
4. मध्यप्रदेश प्राकृतिक कृषि विकास योजना, प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की सरकारी योजना।


Add Comment


Add Comment






ताज़ा समाचार और भी
Get Newspresso, our morning newsletter