दुर्ग | ज्वाला एक्सप्रेस न्यूज़
चंद्रशेखर आज़ाद स्कूल में विद्यार्थियों के कथित रूप से संदिग्ध दवाइयों अथवा नशीले पदार्थ के संपर्क में आने से तबीयत बिगड़ने की घटना को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी, दुर्ग शहर ने शनिवार को जिला अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से गंजपारा होते हुए कोतवाली थाना तक पैदल मार्च निकाला। इसके बाद पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच की मांग की गई।
इस अवसर पर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि एक साथ कई स्कूली विद्यार्थियों के बीमार पड़ने की घटना ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण का केंद्र होता है और यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध दवा या नशीला पदार्थ विद्यार्थियों तक पहुंचता है तो यह अत्यंत गंभीर विषय है, जिसकी हर पहलू से गहन जांच होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार संबंधित छात्र के मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) भाई ने पुलिस को बताया है कि वह अवसाद (डिप्रेशन) का मरीज है और चिकित्सकीय सलाह पर एंटी-साइकोटिक दवाइयों का सेवन करता है। उसका कहना है कि संबंधित दवा उसका छोटा भाई अनजाने में घर से स्कूल ले गया था। यदि ऐसा है तो इसकी वैज्ञानिक और निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
बाकलीवाल ने मांग की कि प्रशासन केवल प्रारंभिक बयानों के आधार पर निष्कर्ष न निकाले, बल्कि यह स्पष्ट करे कि दवा विद्यालय तक कैसे पहुंची, अन्य विद्यार्थियों के संपर्क में कैसे आई और कहीं इस पूरे घटनाक्रम में किसी प्रकार की लापरवाही या आपराधिक संलिप्तता तो नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने जिले के सभी स्कूलों और उनके आसपास नियमित जांच अभियान चलाने, विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों एवं पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा विद्यार्थियों को नशे और प्रतिबंधित दवाइयों के दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक करने की भी मांग की।
धीरज बाकलीवाल ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन करेगी।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले, रायसिंह दिकोला, राजेश यादव, प्रेमलता साहू, दीपक साहू, अविनाश यादव, अब्दुल गनी, अल्ताफ अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ज्वाला प्रसाद अग्रवाल, कार्यालय शाप न. 2 संतोषी मंदिर परिसर,गया नगर दुर्ग , छत्तीसगढ़, पिनकोड - 491001
+91 99935 90905
amulybharat.in@gmail.com
बैंक का नाम : IDBI BANK
खाता नं. : 525104000006026
IFS CODE: IBKL0000525
Address : Dani building, Polsaipara, station road, Durg, C.G. - 49001
Copyright © Amuly Bharat News ©2023-24. All rights reserved | Designed by Global Infotech
Add Comment